खगड़िया सांसद राजेश वर्मा का राहुल गांधी पर तीखा हमला: ‘हठ बालक’ बताकर निलंबन की मांग की

न्यूज स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली/खगड़िया
लोकसभा की कार्यवाही में लगातार हो रहे व्यवधान को लेकर खगड़िया के नवनिर्वाचित सांसद राजेश वर्मा ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया है। राजेश वर्मा ने राहुल गांधी की तुलना एक ‘हठ बालक’ से करते हुए उन पर सदन की गरिमा को ठेस पहुँचाने और नए सांसदों के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया है।
पहली बार सदन पहुंचे सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ राजेश वर्मा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सदन को बाधित करने वाले सांसदों, विशेषकर राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एक पत्र सौंपा।
श्री वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी लोकसभा सीट बदलने की आदत है। उनके लिए क्षेत्र की समस्याएं महत्वपूर्ण नहीं हैं, वे केवल राजनीति करते हैं। जबकि हम जैसे सांसदों को उसी क्षेत्र की जनता के बीच वापस जाना है, जहाँ से हम चुनकर आए हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ संविधान की दुहाई देती है और दूसरी तरफ सदन की कार्यवाही में बाधा डालती है। उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शशि थरूर के बोलने का समय तय होने के बावजूद राहुल गांधी खुद जबरन खड़े हो गए।
राजेश वर्मा ने कहा कि जो सांसद प्रधानमंत्री की कुर्सी तक आकर बैनर-पोस्टर दिखाते हैं और असंवैधानिक हरकतें करते हैं, उन्हें तुरंत सस्पेंड किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, विपक्ष के हंगामे के कारण हम जैसे पहली बार चुनकर आए सांसद प्रश्नकाल में अपने क्षेत्र की आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। राहुल गांधी जैसे लोगों के लिए सदन की गरिमा से ज्यादा अपनी जिद बड़ी है।