न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के तहत सुपौल जिले में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिले में कुल 8,785 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिनमें से 8,591 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 194 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में 4 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी प्रतिवेदन के अनुसार, प्रथम पाली में उर्दू, मैथिली एवं संस्कृत विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इस पाली में कुल 6,215 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिनमें से 6,081 उपस्थित रहे। वहीं 134 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इसी पाली में कदाचार के आरोप में 4 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया।
वहीं द्वितीय पाली में मनोविज्ञान एवं उद्यमशीलता विषयों की परीक्षा हुई। इसमें कुल 2,570 परीक्षार्थी शामिल होने वाले थे, जिनमें से 2,510 उपस्थित रहे, जबकि 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इस पाली में किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं मिली है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और निगरानी के कारण परीक्षा व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।

























