न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
आगामी सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मोजाहिदपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोजाहिदपुर थाना प्रभारी देवेंद्र यादव ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शांति समिति सदस्य प्रो. एजाज अली रोज ने किया। बैठक के अंत में जिला शांति समिति सदस्य महबूब आलम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
बैठक में नागरिक विकास समिति के अध्यक्ष रमन कर्ण, सत्यनारायण साह, मोहम्मद अनवर, मनोज सिंह, गोविंद अग्रवाल, मोहम्मद आफताब, संजय हरि, उषा देवी, चंदन कुशवाहा, हरविंदर सिंह, वार्ड पार्षद बुर्जुद्दीन उर्फ चुना सहित जिला शांति समिति के सदस्य एवं थाना के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने सरस्वती पूजा एवं विसर्जन को आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया। जिला शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि आने वाले सभी त्योहारों में समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे और विशेष रूप से सरस्वती पूजा के विसर्जन के दौरान पूरी तत्परता के साथ सहयोग करेंगे।
इस दौरान बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की मांग भी की गई। थाना प्रभारी देवेंद्र यादव ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए शांतिपूर्ण आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में जिला शांति समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में बेहतर विधि-व्यवस्था और जनसहयोग के लिए मोजाहिदपुर थाना प्रभारी देवेंद्र यादव को बुके भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि उनके नेतृत्व में मोजाहिदपुर क्षेत्र में सराहनीय कार्य हो रहा है।
सरस्वती पूजा को लेकर मोजाहिदपुर थाना में शांति समिति की बैठक: शांति, सद्भाव और विधि-व्यवस्था के साथ विसर्जन संपन्न कराने का लिया संकल्प
































