देवघर पहुंचीं जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत, बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकी की पूजा-अर्चना की

न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर

हिमाचल प्रदेश की भाजपा सांसद और जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत सोमवार को देवघर पहुंची। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा के बीच कंगना सर्किट हाउस पहुंचीं और वहां से सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर। मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त ने विधि-विधान पूर्वक कंगना को संकल्प कराया। इसके बाद कंगना ने षोड्षोपचार पूजन विधि से बाबा बैद्यनाथ कामना लिंग की पूजा-अर्चना की। पत्रकारों से बात करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि कई ज्योर्तिलिंग की यात्रा कर चुकी हूं, लेकिन बाबा बैद्यनाथधाम आने का मौका नहीं मिला था। पहली बार बाबा बैद्यनाथ ने बुलाया है और आगे बस यही इच्छा है कि बाबा बार-बार हमें बुलाते रहे। पूजा-अर्चना के बाद कंगना सड़क मार्ग से बासुकीनाथ पहुंची और बाबा बासुकी की भी उन्होंने विधि-विधान पूर्वक पूजा की। इस दौरान देवघर एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, बैद्यनाथ और बासुकीनाथ मंदिर में फैंस कंगना की एक झलक पाने को बेताब दिखे। फैंस इस पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे थे।