नाबालिग लड़की के साथ ये क्या हुआ, किशनगंज से राजस्थान तक किया खौफनाक सफर, जानिए पूरा सच

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

किशनगंज में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर राजस्थान ले जाकर तीन लाख रुपये में बेच देने का मामला सामने आया है। जहां उसकी शादी जबरण एक अधेड़ के साथ करा दी गई। बेमेल शादी से परेशान पीड़िता ने किसी तरह अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने गंधर्वडांगा पुलिस की मदद से पीड़िता को राजस्थान से बरामद कर लिया। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता के माता पिता की मौत 10 वर्ष पूर्व हो गई थी। इसके बाद वह कभी कोचाधामन थाना क्षेत्र निवासी मामा के घर तो कभी गंधर्वडांगा थाना क्षेत्र स्थित बुआ के घर रहकर किसी तरह से जीवन यापन कर रही थी। रिश्तेदारों की प्रताड़ना से वह तंग आ गई थी। रोज रोज की प्रताड़ना से तंग आकर वह गंधर्वडांगा थाना क्षेत्र स्थित बुआ के घर से गत 18 अगस्त को निकल गई और भटकते हुए लोहागाड़ा पहुंच गई। जहां एक अधेड़ ने पीड़िता को परेशान देखकर उसकी ओर मदद का हाथ बढ़ाया। पीड़िता के झांसे में आने के बाद अधेड़ ने उसे असलम नामक युवक के हवाले कर दिया। जबकि असलम अपने भाई के साथ शादी कराने का झांसा देकर उसे अपने घर ले गया। जहां दोनों भाईयों ने उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया और फिर राजस्थान ले जाकर असलम ने उसे एक व्यक्ति के हाथों तीन लाख रुपये में बेच दिया और फरार हो गया। जहां उसे एकबार फिर से दुर्भोग का सामना करना पड़ा। आखिरकार उस व्यक्ति ने भी पीड़िता का सौदा एक अधेड़ से कर दिया। लेकिन अधेड़ ने एक मंदिर में जबरण पीड़िता के साथ शादी कर ली। शादी के बाद दोनों पति पत्नी की तरह रहने लगे। लेकिन बेमेल शादी से पीड़िता परेशान रहने लगी।आखिरकार एक दिन पीड़िता ने अपने परिजनों को फोन कर अपनी आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजन फौरन गंधर्वडांगा थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई। आखिरकार पुलिस ने पीड़िता को राजस्थान से बरामद कर लिया।

बताते चलें कि पीड़िता के अचानक गायब हो जाने के बाद उसके मामा की लिखित शिकायत पर गंधर्वडांगा थाना में केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। लेकिन पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पीड़िता की बरामदगी के बाद अब पुलिस आरोपी असलम के साथ साथ अधेड़ की तलाश में जुट गई है।