- रूट और सभा स्थल तय, पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा शुक्रवार को भागलपुर में पहुंचेगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परवेज जमाल के अनुसार, यात्रा का रूट चार्ट, ठहराव स्थल, सभा स्थल और विश्राम स्थल पहले ही तय कर लिया गया है।
राहुल गांधी भागलपुर जिले की सीमा घोरघट में सुबह 10:30 बजे पहुंचेंगे। वहां से चम्पानगर से जीरो माइल तक करीब 12 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे और जिले में तीन स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
यात्रा का क्रम इस प्रकार है
10:30 बजे: घोरघट से वाहन यात्रा शुरू।
सुल्तानगंज चौक से अबजूगंज: जनसभा।
अकबरनगर, खिरेया स्कूल: लंच और विश्राम।
मदनीनगर: जनसभा का संबोधन।
इसके बाद पैदल यात्रा शुरू होगी।
नाथनगर, परबत्ती, तातारपुर स्टेशन चौक: आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण।
लोहिया पुल, घंटाघर के पास शहीद भगत सिंह चौक: भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और जनसभा।
कचहरी चौक से तिलकामांझी चौक: तिलकामांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण।
वीर कुंवर सिंह चौक: माल्यार्पण।
नवगछिया अनुमंडल मैदान: रात्रि विश्राम।
यात्रा के अगले चरण में, 23 अगस्त को नवगछिया से कटिहार के कुर्सेला के लिए सुबह 8 से 9 बजे के बीच रवाना होंगे।
राहुल गांधी के साथ यात्रा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी और कांग्रेस, राजद, वामदल, वीआईपी समेत विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
यात्रा को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन भी सतर्क हैं। गुरुवार दोपहर को डीएम नवल किशोर चौधरी और एसएसपी ह्रदय कांत ने घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह चौक का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।