4 फरवरी को सैंडिस कंपाउंड में होगी जिला स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स, दृष्टिबाधित क्रिकेट व फुटबॉल चयन प्रतियोगिता

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में जारी वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत भागलपुर में जिला स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता के साथ-साथ दृष्टिबाधित क्रिकेट एवं फुटबॉल की चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 4 फरवरी को सैंडिश कंपाउंड में पूर्वाह्न 10 बजे से आयोजित होगी।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 30 वर्ष तक की आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष दिव्यांग खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को जिला खेल कार्यालय में आवेदन फॉर्म जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक है।
आवेदन फॉर्म जिला खेल कार्यालय—जो तिलकामांझी चौक एवं मनाली चौक के बीच, होली फैमिली हॉस्पिटल के सामने स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला में अवस्थित है—में 3 फरवरी को अपराह्न 5 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा प्रतिभागी प्रतियोगिता प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व खेल मैदान में भी पंजीकरण करा सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ी अपना आवेदन फॉर्म पीडीएफ के रूप में मोबाइल नंबर 96612 61352 पर भी भेज सकते हैं।
इस वर्ष एथलेटिक्स के अलावा दृष्टिबाधित बालकों के लिए क्रिकेट एवं फुटबॉल की चयन प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। भागलपुर के दृष्टिबाधित क्रिकेट एवं फुटबॉल खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं, जिनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता चार श्रेणियों—मूकबधिर दिव्यांग, शारीरिक दिव्यांग, मानसिक दिव्यांग एवं ड्वॉर्फ श्रेणी—में अलग-अलग आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 8 फरवरी को सैंडिश कंपाउंड में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। एथलेटिक्स खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 दिसंबर 2025 के आधार पर की जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन 14 एवं 15 फरवरी 2026 को पटना में किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आयोजकों की ओर से नाश्ता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर से भी अनुरोध किया गया है कि प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी जिले के सभी विद्यालयों में प्रसारित की जाए, ताकि विद्यालयों में अध्ययनरत एवं खेलों में रुचि रखने वाले दिव्यांग खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकें।

More posts