विधानसभा घेराव केस में प्रशांत किशोर व मनीष कश्यप को झटका, हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत से किया इनकार

जुलाई 2025 के बिहार विधानसभा घेराव मामले में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर, मनीष कश्यप और मनोज कुमार भारती समेत आठ लोगों की कानूनी उलझनें फिलहाल बरकरार रहेंगी। पटना हाईकोर्ट की एकल पीठ ने निचली अदालत के संज्ञान आदेश पर रोक लगाने से मना करते हुए जांच से जुड़ी केस डायरी तलब की है।

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा घेराव प्रदर्शन से जुड़े मुकदमे में फौरी राहत की उम्मीद लेकर पटना हाईकोर्ट पहुंचे प्रशांत किशोर और उनके साथियों को निराशा हाथ लगी है। मामले की सुनवाई कर रही एकल पीठ ने किसी भी तरह की अंतरिम राहत देने से साफ इनकार कर दिया। अदालत ने याचिका पर आगे की सुनवाई के लिए 17 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है।
इस मामले में निचली अदालत ने आरोपियों के खिलाफ संज्ञान लिया था। इसी आदेश को चुनौती देते हुए प्रशांत किशोर, त्रिपुरारी कुमार तिवारी उर्फ मनीष कश्यप और मनोज कुमार भारती सहित कुल आठ लोगों ने हाईकोर्ट का रुख किया था। याचिकाकर्ताओं की कोशिश थी कि हाईकोर्ट में अंतिम फैसला आने तक उन्हें अंतरिम संरक्षण मिल जाए और निचली अदालत की प्रक्रिया पर रोक लगे, लेकिन पीठ ने इस स्तर पर हस्तक्षेप करना उचित नहीं समझा।
पूरा मामला जुलाई 2025 में राजधानी पटना में हुए विधानसभा घेराव प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर पटना के सचिवालय थाने में कांड संख्या 154/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस जांच के बाद निचली अदालत ने मामले का संज्ञान लिया, जिससे सभी नामजद लोगों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता खुला।

केस डायरी से तय होगी आगे की कानूनी राह
हाईकोर्ट द्वारा केस डायरी तलब किया जाना इस मुकदमे में अहम मोड़ माना जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत अब पुलिस जांच के पूरे ब्योरे और केस से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण करेगी। उसी के आधार पर यह परखा जाएगा कि निचली अदालत द्वारा लिया गया संज्ञान कानून की कसौटी पर कितना टिकता है। तब तक पुराने आदेश पर कोई रोक नहीं रहेगी।
बिहार की सियासत में सक्रिय प्रशांत किशोर और मनीष कश्यप जैसे चर्चित चेहरों का नाम जुड़ा होने के कारण इस सुनवाई पर राजनीतिक गलियारों की भी नजर थी। अंतरिम राहत खारिज होने का सीधा अर्थ है कि सभी आठों याचिकाकर्ताओं को कानूनी राहत के लिए अभी और इंतजार करना होगा। अब सबकी निगाहें 17 दिसंबर की तारीख पर टिकी हैं, जब केस डायरी अदालत के सामने पेश की जाएगी और इस याचिका पर आगे की दिशा साफ होगी।

More posts