PM-KISAN कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: तीन राजस्व कर्मी जिला मुख्यालय से संबद्ध, अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के तहत ई-केवाईसी (e-KYC) एवं किसान रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इस क्रम में तीन राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय, भागलपुर में संबद्ध करते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी, भागलपुर ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि PM-KISAN योजना से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए। विशेष रूप से ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री का कार्य अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही से पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी स्तर पर इस प्रकार की शिथिलता या उदासीनता पाई गई, तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध और अधिक कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अंचल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी प्रखंड या अंचल कार्यालय से संपर्क कर समय रहते PM-KISAN ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से जुड़े कार्य पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि किसानों के हितों की रक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।