बिहार में अगले पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। अगर आप गांव में रहते हैं और पंचायत चुनाव में दिलचस्पी रखते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है। सरकार ने अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) को मिलने वाले आरक्षण के नियम तय कर दिए हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इसका आप पर और आपके गांव पर क्या असर होगा।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
क्या आपको पता है कि इस बार के पंचायत चुनाव में आपके गांव में क्या होने जा रहा है? जल्द ही आपके गांव और शहरों में एक सर्वे शुरू होने वाला है। राज्य का अति पिछड़ा वर्ग आयोग यह पता लगाने के लिए सर्वे करेगा कि ईबीसी समाज के लोग कितनी संख्या में हैं, उनकी आर्थिक स्थिति कैसी है, वे कितने पढ़े-लिखे हैं, और राजनीति में उनकी कितनी भागीदारी है। इस सर्वे में कुम्हार, धानुक, लोहार, तेली, मल्लाह, नाई, कहार और कानू जैसी लगभग 122 जातियों को शामिल किया गया है।
‘ट्रिपल टेस्ट’ क्या है और यह क्यों जरूरी है?
सुप्रीम कोर्ट का कड़ा आदेश है कि पंचायत चुनाव में आरक्षण देने से पहले तीन शर्तों (ट्रिपल टेस्ट) को पूरा करना जरूरी है :-
50% की लिमिट: किसी भी हाल में सभी तरह का आरक्षण मिलाकर 50% से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
किसे है जरूरत?: यह पता लगाना कि ईबीसी की किन जातियों को सच में आरक्षण की जरूरत है।
जांच कौन करेगा?: इसके लिए एक खास आयोग होना चाहिए, जो सर्वे करके रिपोर्ट दे। बिहार सरकार ने यह जिम्मेदारी ईबीसी आयोग को दी है।
आरक्षण का बंटवारा कैसे होगा?
इसे ऐसे समझिए – कुल आबादी में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की जितनी संख्या होगी, पहले उन्हें उतना आरक्षण दिया जाएगा। इसके बाद, 50% की सीमा के अंदर जो हिस्सा बचेगा, वह ईबीसी (ओबीसी) समाज को मिलेगा। पिछली बार ईबीसी को 20% आरक्षण मिला था, और इस बार भी लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है।
बढ़ने वाली हैं आपके आसपास की पंचायतें
एक और बड़ा बदलाव यह होने जा रहा है कि इस बार चुनाव नए सिरे से पंचायतों का बंटवारा (परिसीमन) होने के बाद होंगे। अभी बिहार में 8049 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन नए परिसीमन के बाद इनकी संख्या बढ़कर 12,500 से ज्यादा हो सकती है। इसका सीधा मतलब है कि जब पंचायतें बढ़ेंगी, तो ईबीसी समाज के लिए आरक्षित सीटें भी बढ़ जाएंगी।
आगे क्या होगा?
सर्वे पूरा होने के बाद आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को देगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग यह तय करेगा कि किस पंचायत में किस वर्ग को आरक्षण मिलेगा।
































