मल्टीप्लेक्स और ओटीटी के इस दौर में पूर्णिया के ऐतिहासिक रूपबानी सिनेमा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। ‘बिग सिने एक्सपो 2026’ में रूपबानी सिनेमा को देश के ‘बेस्ट सिंगल स्क्रीन थियेटर ऑफ द ईयर’ (Best Single Screen Theatre of the Year) के प्रतिष्ठित अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सिनेमा के संचालक और चर्चित पुस्तक ‘सिनेमा फोरेवर’ के लेखक विशेक चौहान ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पूर्णिया की महान जनता के प्यार और विश्वास को समर्पित किया है।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन ऐसे दौर में भी पूर्णिया के रूपबानी सिनेमा ने जो मुकाम हासिल किया है, वह न सिर्फ शहर बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। इस बड़े राष्ट्रीय सम्मान को हासिल करने के बाद रूपबानी सिनेमा के मालिक विशेक चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “Big Cine Expo 2026 में मिला यह राष्ट्रीय सम्मान पूर्णिया की महान जनता को समर्पित है, जिनके प्यार और विश्वास ने रूपबानी सिनेमा को Best Single Screen Theatre of the Year बनाया। आप सभी का दिल से आभार।”

किताब ‘सिनेमा फोरेवर’ से भी बटोर चुके हैं सुर्खियां
गौरतलब है कि विशेक चौहान न सिर्फ एक सफल थियेटर संचालक हैं, बल्कि सिनेमा जगत और बॉक्स ऑफिस के प्रखर विश्लेषक भी माने जाते हैं। हाल ही में उनके द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘सिनेमा फोरेवर’ (Cinema Forever) भी प्रकाशित हुई है, जिसने सिने-प्रेमियों, फिल्म समीक्षकों और जानकारों के बीच काफी सुर्खियां बटोरी हैं। एक तरफ उनकी किताब की अपार सफलता और अब रूपबानी सिनेमा को मिला यह राष्ट्रीय अवार्ड, उनके सिनेमाई जुनून और समर्पण का जीता-जागता प्रमाण है।
पूर्णिया जैसे शहर में एक सिंगल स्क्रीन थियेटर को जिस आधुनिकता और दर्शकों की पसंद के साथ उन्होंने प्रासंगिक बनाए रखा है, उसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उनके इस फेसबुक अपडेट के बाद से ही शहरवासियों, स्थानीय नेताओं और सिनेमा जगत से जुड़े लोगों की तरफ से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
































