टेक्नो मिशन के शौर्यन चौधरी ने IIT एडवांस्ड में मारी बाजी, पहले ही प्रयास में पाई सफलता

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
भागलपुर के जगतपुर स्थित सीबीएसई से संबद्ध प्रतिष्ठित विद्यालय ‘टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल’ के छात्र शौर्यन चौधरी ने देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में से एक IIT एडवांस्ड 2026 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। शौर्यन ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 3154 प्राप्त की है। इस शानदार रैंकिंग के साथ ही उनके देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में दाखिला मिलने की प्रबल संभावना है।

पहले ही प्रयास में मिली कामयाबी
शौर्यन चौधरी की यह सफलता इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि उन्होंने यह मुकाम अपने प्रथम प्रयास में ही हासिल कर लिया है। उन्होंने इसी वर्ष टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल, भागलपुर से एक नियमित छात्र के रूप में 12वीं (बारहवीं) की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।

साधारण परिवार के बेटे ने रचा इतिहास
शौर्यन की इस बड़ी उपलब्धि के पीछे उनका कड़ा संघर्ष और साधारण पृष्ठभूमि की प्रेरणा रही है। उनके पिता, संजय कुमार, भागलपुर के जीरो माइल इलाके में जनवितरण प्रणाली (PDS) की एक साधारण सी दुकान चलाते हैं। एक बेहद सामान्य परिवार से आने के बावजूद शौर्यन ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती।

विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
शौर्यन की इस ऐतिहासिक सफलता पर टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक इं. अंशु सिंह एवं विद्यालय के सभी शिक्षकों व पूरे विद्यालय परिवार ने उन्हें और उनके माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी है। विद्यालय के निदेशक इं. अंशु सिंह ने शौर्यन के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा, “शौर्यन की यह सफलता अन्य छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत के दम पर देश की शीर्ष परीक्षा पास करना बेहद गौरवपूर्ण है।”