न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सचिव-सह-प्रभारी सचिव, भागलपुर जिला द्वारा मंगलवार को समाहरणालय में जिले के सभी विभागों की प्रगति की विस्तृत एवं समग्र समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों तथा विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जिले के सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने विभागवार कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभागीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने तथा कार्य निष्पादन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की योजनाओं की विशेष रूप से गहन समीक्षा की गई। सचिव ने श्रमिकों एवं प्रवासी मजदूरों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पंजीकरण की प्रगति, लाभ वितरण की स्थिति तथा जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से पहुंचे। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी एवं निरीक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि जिले का समग्र एवं संतुलित विकास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर विभागीय रैंकिंग में बेहतर स्थान प्राप्त करने के लिए नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग आवश्यक है।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी (प्रभारी), भागलपुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
भागलपुर में विकास कार्यों की हुई समीक्षा, श्रम संसाधन व प्रवासी श्रमिक योजनाओं पर विशेष फोकस

































