यूजीसी कानून के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन, रामगढ़ में निकाला विरोध मार्च, कानून वापस लेने की मांग, चेतावनी—मांगे नहीं मानी गईं तो होगा उग्र आंदोलन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
यूजीसी कानून के विरोध में बुधवार को कैमूर जिले के रामगढ़ नगर में युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। कानून को वापस लेने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवाओं ने दुर्गा चौक से जीबी कॉलेज तक विरोध मार्च निकाला।
यह मार्च रामगढ़ बाजार स्थित दुर्गा चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जीबी कॉलेज परिसर तक पहुंचा। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी युवाओं ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“यूजीसी कानून वापस लो”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि यूजीसी कानून छात्रों और युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। उनका आरोप है कि यह कानून शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करेगा और आम छात्रों के हितों के खिलाफ है। युवाओं ने सरकार से इस कानून को अविलंब वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और यह राज्यव्यापी रूप भी ले सकता है।
हालांकि, यह विरोध मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर मौजूद रही और पूरे जुलूस के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी।