केंद्र और राज्य सरकार दोनों स्तरों पर एनडीए की सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एनडीए के कार्यकर्ता चुनाव में जी-जान से मेहनत कर रहे है। उन्होंने कहा कि बिजेंद्र प्रसाद यादव को इस बार उनके लंबे राजनीतिक सफर और मेहनत का “मेहनतनामा” मिलेगा। पूर्व मंत्री हुसैन मंगलवार की संध्या को आरके पैलेस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिजेन्द्र प्रसाद यादव ऐसे नेता हैं जिन्होंने कभी भी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया। उनकी राजनीति हमेशा विकास और जनसेवा पर केंद्रित रही है। उन्होंने कहा कि सुपौल भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रसिद्ध है। यहां हिंदू और मुसलमान दोनों एक-दूसरे की संस्कृति में रचे-बसे हैं सुपौल में मुसलमान भी धोती पहनते हैं, यही हमारी खासियत है। भाजपा प्रवक्ता ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में एनडीए पुनः सत्ता में आएगा और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक स्थिर एवं जन हितैषी सरकार बनेगी उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर एनडीए की सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वे झूठे वादे करने में माहिर हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, तेजस्वी यादव कहते हैं कि प्रति परिवार एक व्यक्ति को नौकरी देंगे यह जनता को भ्रमित करने वाला बयान है। वे इतना जरूर कर सकते हैं कि नौकरी देने के नाम पर सबका जमीन लिखा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे वादों में नहीं फंसेगी। उन्होंने कहा कि अगर घर में शपथ लेनी है तो लालू जी से ले लें। लेकिन असली शपथ तो गवर्नर से ही लेनी होती है जो नीतीश कुमार लेंगे। जनता ने मन बना लिया है कि बिहार में विकास, रोजगार और सुशासन की राह पर फिर से एनडीए को मौका दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं और सुपौल को विकास का मॉडल बनाएं। मौके पर प्रयागराज के सांसद सिद्धांत सिंह, एनडीए संयोजक नागेंद्र नारायण ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, अनुरंजन झा, संतोष प्रधान, शशिशेखर सम्राट, रंधीर ठाकुर, सुमन चंद, सुरेंद्र पाठक, महेश देव आदि मौजूद थे.
































