पीस सेंटर परिधि के बैनर तले आयोजित श्रद्धांजलि सभा
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
मोहनपुर गनौरा में पीस सेंटर परिधि द्वारा आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति दिवस के अवसर पर स्थानीय लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। विक्रम कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के महान योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि आज़ादी के बाद राष्ट्र-निर्माण की अधिकांश महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं बाबा साहब के निर्देशन और मार्गदर्शन में पूरी हुईं। वे देश में समता, न्याय और समान अधिकारों की लड़ाई के अग्रदूत थे। उन्होंने विभिन्नताओं से भरे देश को समता, न्याय, भाईचारा और सम्मान के मूल्यों पर आधारित संविधान दिया।
जय नारायण ने कहा कि संविधान सभा में भले ही लगभग 300 सदस्य थे, लेकिन संविधान की रूपरेखा और विचारधारा के मुख्य शिल्पकार बाबा साहब ही थे। उन्होंने महिलाओं को हर स्तर पर बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए संकल्प के साथ संघर्ष किया और इसी मुद्दे पर कानून मंत्री पद से इस्तीफा तक दे दिया। आज देश में समता और सामाजिक न्याय के आंदोलनों की नींव में बाबा साहब की दूरदृष्टि व संघर्ष बसे हुए हैं।
कौशल्या देवी ने भावुक स्वर में कहा कि बाबा साहब ने अपना स्वास्थ्य भुलाकर भारत के वंचित, पिछड़े और महिलाओं के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित कर दिया। नागेश्वर ऋषि देव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की राह पर देश को आगे बढ़ाने वाले अग्रणी नेता भारत रत्न डॉ. अंबेडकर ही थे, जिन्होंने अपने समूचे जीवन को राष्ट्र की उन्नति हेतु न्योछावर कर दिया।
कार्यक्रम में विक्रम कुमार सिंह, राजेश कुमार, जय नारायण, नागेश्वर ऋषि देव, कौशल्या देवी, मधु कुमारी, जया देवी, संगीता देवी, सविता देवी, सुमित्रा देवी, ज्योति कुमारी, संध्या कुमारी, कुसुम देवी, उर्मिला देवी, गीता देवी, सरिता देवी, रीमा देवी, मंगली देवी, ननकी देवी, कंचन देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, सुनीता देवी, राजकुमार, आयुष कुमार, अभय कुमार, नारायण कुमार, गणेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
































