- विश्वविद्यालय में शिक्षकों-कर्मचारियों को प्रोन्नति, जलजमाव समस्या के समाधान पर आगे बढ़ेगा कदम
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में शनिवार को अभिषद (सिंडिकेट) की महत्वपूर्ण बैठक प्रभारी कुलपति प्रो. बिमलेन्दु शेखर झा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ शुरू हुई बैठक करीब सवा चार घंटे चली और राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुई। बैठक का संचालन कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे ने किया।
बैठक में कुल चालीस से अधिक एजेंडों पर चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए। वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सिंडीकेट ने मंज़ूर किया। इसके साथ ही विद्वत परिषद, वित्त समिति तथा न्यू टीचिंग प्रोग्राम एंड एफिलिएशन कमिटी के निर्णयों को भी सिंडीकेट ने सम्पुष्ट किया।
पीजी बॉयज़ हॉस्टल रोड के जलजमाव पर समाधान की दिशा में कदम
बैठक में बारिश के दौरान विश्वविद्यालय हेल्थ सेंटर के पास स्थित पीजी बॉयज़ हॉस्टल मार्ग में जलजमाव की पुरानी समस्या पर भी चर्चा हुई। भागलपुर डीएम द्वारा समाधान हेतु मांगी गई जमीन के संबंध में सिंडीकेट ने निर्णय लिया कि इस बाबत राज्यपाल सचिवालय, पटना को पत्र भेजा जाएगा। साथ ही इस निर्णय की जानकारी जिलाधिकारी को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानाचार्यों के लियन पर निर्णय
सिंडीकेट ने दो कॉलेजों के प्राचार्यों को छोड़कर शेष सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के लियन को स्वीकृति प्रदान की।
शिक्षकों व कर्मियों के लिए खुशखबरी
बैठक में यह भी तय हुआ कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को प्रोन्नति देय होगी। सिंडीकेट की बैठक में सदस्य एवं एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, डॉ. शैलेश प्रसाद सिंह, डॉ. शम्भू दयाल खेतान, डॉ. रूबी कुमारी, डॉ. महावेद मंडल, डॉ. मुश्फिक आलम, डॉ. शैलेश्वर प्रसाद सहित अन्य सदस्य, वित्तीय परामर्शी, डीएसडब्लू, प्रॉक्टर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


































