न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिला मुख्यालय स्थित ब्रहास्थान चौक के समीप सेंट जेवियर्स हाई स्कूल परिसर में 22 दिसंबर से 24 दिसंबर तक तीन दिवसीय खेल दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों की परीक्षाओं के उपरांत किया गया, जिससे बच्चे परीक्षा के तनाव से मुक्त होकर पूरे मनोयोग से खेल गतिविधियों में भाग ले सके।
तीन दिवसीय खेल दिवस के दौरान कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), रिले रेस, जलेबी रेस सहित अनेक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही किंडरगार्टन के छोटे बच्चों के लिए भी उनकी आयु के अनुरूप कई मनोरंजक खेल कराए गए, जिनमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन में विद्यालय के विभिन्न हाउसों के बीच रोचक मुकाबले कराए गए, जिससे विद्यार्थियों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। खेल मैदान विद्यार्थियों के जोश, तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर विश्वासचन्द्र मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। वहीं विद्यालय के प्रबंधक राहुल आनंद ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में टीम भावना, सकारात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
खेल दिवस के अंतिम दिन विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल, साथ ही ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रशासन द्वारा 24 दिसंबर 2025 से विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन अवकाश (विंटर वेकेशन) की घोषणा की गई, जिससे बच्चों में अतिरिक्त खुशी और उत्साह देखने को मिला। पुरस्कार वितरण समारोह के साथ ही तीन दिवसीय खेल उत्सव का समापन हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम समाप्ति के अवसर पर प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी ने खेल सिखाता मेल का महत्व बताया तथा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस समस्त कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा शिक्षक केशव कुमार, धीमन चौधरी,क्रीड़ा शिक्षिका मौसमी बरुआ, अंशु तथा कार्यक्रम प्रभारी निशा कुमारी की अहम भूमिका रही।

































