युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, दो घंटे तक भभुआ एकता चौक जाम, पुलिस जांच में जुटी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
शहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने भभुआ एकता चौक पर शव रखकर करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर दिया। परिजन युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के काफी प्रयास के बाद जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विशाल गुरुवार देर शाम बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि बाइक पर साथ बैठा उसका साथी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन शव को लेकर भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार को कार्रवाई की मांग को लेकर शव को भभुआ एकता चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
करीब दो घंटे तक चले जाम की सूचना पर भभुआ एसडीएम अमित कुमार और एसडीपीओ मनोरंजन भारती मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने सड़क से जाम हटाया।
मृतक के पिता राज कुमार चौरसिया ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में भी उनके एक बेटे की हत्या हुई थी, जो चोला फाइनेंस में कार्यरत था। उस समय दुर्गावती थाना से लेकर एसपी कार्यालय तक गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। अब एक बार फिर उनके बेटे की मौत हुई है, जिसे वे साजिश मानते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई है।
भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने कहा कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।