न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा सीट से जनता दल (यूनाइटेड) के कद्दावर उम्मीदवार अनंत सिंह को एक बड़े पुलिस ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी जन सुराज उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के प्रचारक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में की गई है। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद, अनंत सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी करते हुए अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ‘सत्यमेव जयते! मुझे मोकामा की जनता पर पूरा भरोसा है। इसलिए अब यह चुनाव मोकामा की जनता लड़ेगी।’ इस टिप्पणी को मोकामा की जनता के लिए एक भावनात्मक अपील के तौर पर देखा जा रहा है।
अनंत सिंह को जन सुराज उम्मीदवार के प्रचारक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। देर रात 150 सीआरपीएफ जवानों के साथ पुलिस ने बड़ा आपरेशन कर उन्हें गिरफ्तार किया। पटना पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात को एक गोपनीय ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। यह आपरेशन अनंत सिंह की गिरफ्तारी के लिए था। यह भी जानकारी मिली कि अनंत सिंह से जदयू के एक वरिष्ठ नेता ने पुलिस को सहयोग के लिए भी समझाया था।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि ग्रामीण पटना के बाढ़ और मोकामा क्षेत्रों में अनंत सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसके बाद अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों, माणिकांत ठाकुर और रणजीत राम, को बाढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद, एसएसपी शर्मा ने पटना के मतदाताओं को शांतिपूर्ण चुनाव का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “मैं पटना के मतदाताओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से होंगे, और वे निडर होकर बाहर आएं और मतदान करें।” उन्होंने कहा कि, पटना पुलिस और प्रशासन मतदाताओं के साथ खड़ा है और किसी को भी उनके अधिकार का प्रयोग करने से नहीं रोका जाएगा।”
ध्यान देने लायक तथ्य है कि अनंत सिंह की गिरफ्तारी से मोकामा सीट का चुनावी गणित बदल सकता है। इस सीट पर पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है। जदयू के अनंत सिंह का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल की वीणा देवी से है। उनकी गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब चुनाव आयोग (ECI) ने भी हाल ही में बाढ़ के अनुमंडल अधिकारी (SDO) और अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) को हटा दिया था।
‘सत्यमेव जयते’ कहकर गिरफ्तार हुए अनंत सिंह, कहा – अब मोकामा की जनता ही लड़ेगी चुनाव
































