न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शाहकुंड थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई राशि में से ₹4000 नकद तथा एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया है। विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि शाहकुंड थाना क्षेत्र में लूटपाट की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया। पूछताछ में उन्होंने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद हथियार और नकदी को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की है। विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
































