न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के भभुआ शहर स्थित कांग्रेस जिला पार्टी कार्यालय (शहीद भवन) के बाहर कई शराब के रेपर फेंके जाने का मामला सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस दौरान भभुआ पहुंचे सासाराम संसदीय क्षेत्र के सांसद मनोज राम ने इसे कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी वाले राज्य बिहार में खुलेआम शराब मिलना, पुल टूटना और रोपवे का गिरना, मौजूदा सरकार के भ्रष्टाचार का प्रमाण है।
दरअसल, कैमूर जिला कांग्रेस पार्टी कार्यालय में कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर सांसद मनोज राम सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनोज राम ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी का 140वां स्थापना दिवस मनाया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने आरोप लगाया कि आज देश में संविधान की मर्यादा को लगातार कमजोर किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना से हटाया जाना भी दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद मनोज राम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के गरीबों, वंचितों और अतिपिछड़ों की आवाज बनकर लड़ रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके विचारों पर चलते हुए आम जनता के हक की लड़ाई जारी रखेंगे।
वहीं, कांग्रेस कार्यालय के बाहर शराब के रेपर मिलने के मामले पर सांसद ने कहा कि यह पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में शराबबंदी कानून केवल नाम का रह गया है। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिसकर्मी भी शराब पीते हुए पकड़े गए हैं और कैमूर में भी ऐसा मामला सामने आ चुका है। इसके अलावा रोहतास जिले में रोपवे का गिरना और कई पुलों का टूटना भ्रष्टाचार की जीती-जागती मिसाल है।
सांसद मनोज राम ने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। राज्य में शराबबंदी की बातें की जाती हैं, लेकिन हकीकत यह है कि बिहार के हर कोने में शराब धड़ल्ले से बिक रही है। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
कैमूर में कांग्रेस जिला कार्यालय के बाहर मिले शराब के रेपर, सांसद मनोज राम बोले-पार्टी को बदनाम करने की साजिश, शराबबंदी सिर्फ कागज़ों में
































