- 8 साल से एक भी बस नहीं चली, नगर निगम ने बना दिया गार्बेज स्टेशन — बदबू से बीमार हो रहे लोग
चिन्मय प्रियांशु |कटिहार
करीब 5 करोड़ की लागत से बना कटिहार का भव्य बस स्टैंड अब नगर निगम का कचरा डंपिंग प्वाइंट बन चुका है। इस बस स्टैंड से पिछले 8-9 वर्षों में एक भी बस नहीं चली। अब यहां हर दिन शहर का कचरा डंप किया जा रहा है। सड़े-गले कचरे से उठती दुर्गंध से आसपास के लोग बीमार हो रहे हैं।
10 एकड़ जमीन पर बस स्टैंड बना था
शहर को जाम से राहत देने के लिए बिहार सरकार की मंजूरी के बाद जिला प्रशासन ने करीब 9 साल पहले शहर के बाहरी इलाके में 10 एकड़ जमीन पर यह बस स्टैंड बनवाया था। इसकी लागत 5 करोड़ से ज्यादा आई थी। 24 दिसंबर 2016 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद से अब तक यहां से एक भी बस नहीं चली। धीरे-धीरे नगर निगम ने इस बस स्टैंड को कचरा डंपिंग स्टेशन बना दिया। अब यहां पूरे शहर का कचरा डाला जा रहा है। लंबे समय से जमा कचरे से उठती बदबू से लोग परेशान हैं। बीमारियां फैल रही हैं।
बस स्टैंड की हालत अब खंडहर जैसी
बस स्टैंड की हालत अब खंडहर जैसी हो गई है। चारों ओर जंगल उग आए हैं। दरवाजों को दीमक खा गया है। दीवारों का प्लास्टर झड़ने लगा है। टिकट काउंटर की लोहे की ग्रिल टूट चुकी है। यात्रियों के लिए बने बाथरूम और टॉयलेट भी जर्जर हो चुके हैं। बस स्टैंड चालू कर संघर्ष समिति के त्रिभुवन कुशवाहा का कहना है कि करोड़ों की लागत से बना बस स्टैंड 8-9 साल से धूल फांक रहा है। रखरखाव के अभाव में दीवारों में सीलन आ गई है। परिसर कचरे का अड्डा बन गया है। लोग बीमार हो रहे हैं। जानें जा रही हैं। इतनी बड़ी विफलता की जिम्मेदारी किसकी है जिला प्रशासन की या सरकार की है।


रोड ओवर ब्रिज के पूरा होने के बाद ही बस स्टैंड शुरू होने की संभावना
स्थानीय लोगों ने कई बार जिले के अधिकारियों से मिलकर बस स्टैंड शुरू करने की मांग की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी गुहार लगाई। लेकिन अब तक बस स्टैंड चालू नहीं हो सका। न ही यहां से कोई बस चली। लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही के कारण बस स्टैंड बंद पड़ा है। अधिकारी कहते हैं कि रास्ते में बन रहे रोड ओवर ब्रिज के पूरा होने के बाद ही बस स्टैंड शुरू किया जाएगा। इसी बहाने सालों से बस स्टैंड को कचरा डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया।
क्या कहते हैं नगर आयुक्त
नगर आयुक्त संतोष ने बताया कि बस स्टैंड नगर निगम की जमीन पर है। जहां कचरा डंप हो रहा है, वहां और बस स्टैंड के बीच बाउंड्री बनाकर दोनों को अलग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रोड ओवर ब्रिज का काम पूरा होते ही बस स्टैंड शुरू किया जाएगा। दुर्गंध से बचने के लिए कचरे का डिस्पोजल किया जा रहा है।
































