न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर, नवाचारी और प्रेरणादायी कार्यों के लिए बिहार के कैमूर जिले के युवा पर्यावरण प्रेमी शिवम कुमार को विश्व पर्यावरण परिषद (World Environment Council) द्वारा प्रतिष्ठित “ग्रीन यूथ आइकॉन अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 25 जनवरी 2026 को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।
शिवम कुमार पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पौधारोपण, गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण, कुआँ संरक्षण, पॉलीथिन मुक्त अभियान, पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान तथा बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था जैसे अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए गए हैं।
इसके साथ ही “एक पेड़ एक ज़िंदगी”, “पानी बचाओ–जीवन बचाओ”, सीड बॉल निर्माण, कृत्रिम घोंसले निर्माण, जल-जीवन-हरियाली, “एक पेड़ माँ के नाम” और “धरा मांगे हरियाली” जैसे अभियानों के माध्यम से उन्होंने समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता की मजबूत अलख जगाई है।
शिवम कुमार द्वारा वर्षभर विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्वपूर्ण दिवसों पर जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी, रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं और पौधारोपण अभियान आयोजित किए जाते रहे हैं। ये कार्यक्रम सरकारी विद्यालयों, कॉलेजों, स्लम बस्तियों, मूसहर टोलियों, झुग्गी-झोपड़ियों, गांव-पंचायतों, पहाड़ी क्षेत्रों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचकर बच्चों और युवाओं को प्रकृति से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, जिससे समाज में हरित चेतना को नई दिशा मिली है।
विश्व पर्यावरण परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर गणेश चना ने कहा कि शिवम कुमार का चयन उनके उत्कृष्ट सामाजिक और पर्यावरणीय योगदान को देखते हुए किया गया है। उन्होंने कहा कि शिवम का कार्य न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि वह देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं।
सम्मान की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवम कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी साथियों, शिक्षकों और समाज के लोगों का है, जिन्होंने उनके अभियानों में सहयोग किया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पेड़ बचाना, पर्यावरण बचाना और पृथ्वी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए कैमूर के शिवम कुमार को मिलेगा “ग्रीन यूथ आइकॉन अवॉर्ड 2026”

































