अभया ब्रिगेड के तहत पुलिस अधीक्षक ने दुर्गावती कन्या विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर स्थित दुर्गावती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने छात्राओं से संवाद किया। यह कार्यक्रम अभया ब्रिगेड के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की सहायता प्रणाली के प्रति जागरूक करना है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस उनकी मित्र है और किसी भी प्रकार की असहज या आपत्तिजनक स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को डायल 112 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में कॉल करने पर पुलिस 10 मिनट के भीतर सहायता के लिए पहुंचेगी।
पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से कहा कि यदि कोई मनचला या असामाजिक तत्व उन्हें परेशान करता है, तो उसकी तुरंत सूचना दें। शिकायत करने से डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को भयभीत करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे अधिकारी
इस अवसर पर मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार, दुर्गावती प्रखंड विकास पदाधिकारी रिचा मिश्रा, थाना अध्यक्ष गिरीश कुमार, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अमृता कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और सहज भाषा में उत्तर दिया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।