दिसंबर में नीलाम वाद से 1.71 करोड़ की वसूली, 16 बॉडी वारंट निष्पादित

  • जिला प्रशासन ने बकायेदारों पर कसी शिकंजा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा नीलाम पत्र वादों के माध्यम से बकाया राजस्व की वसूली में लगातार सख्ती बरती जा रही है। दिसंबर 2025 माह के दौरान नीलाम वाद अंतर्गत कुल 1.71 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की गई है। इस दौरान बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 16 बॉडी वारंट का भी निष्पादन किया गया।
इस संबंध में 27 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित माँ मुण्डेश्वरी सभागार में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्त्ता कैमूर, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ एवं मोहनियां, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता भभुआ सहित अन्य संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला नीलाम पत्र शाखा द्वारा दिसंबर 2025 तक की मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर माह में 119 नए नीलाम पत्र वाद दर्ज किए गए, जिनमें कुल 2.78 करोड़ रुपये की राशि निहित है। वहीं, इस माह 60 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन करते हुए प्रशासन ने 1.71 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली सुनिश्चित की।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वर्तमान में जिले में 5,153 बॉडी वारंट एवं 159 डिस्ट्रेस वारंट निष्पादन के लिए लंबित हैं। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बकाया राशि की वसूली में तेजी लाई जाए तथा लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से बैंकिंग, राज्य वित्त निगम (SFC) एवं खनन विभाग से जुड़े बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।