न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिला समाहरणालय स्थित मुण्डेश्वरी सभागार में जीविका कैमूर के तत्वावधान में नई चेतना अभियान 4.0 के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह एक राष्ट्रीय स्तर का अभियान है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में लिंग आधारित हिंसा को समाप्त करना तथा महिलाओं के अधिकारों और लैंगिक समानता को सशक्त रूप से बढ़ावा देना है। यह अभियान दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत संचालित किया जा रहा है।
कार्यशाला में अभियान के प्रमुख उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध समाज में जागरूकता फैलाने, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने, उनकी आर्थिक भागीदारी को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी कैमूर जिले की दीदियों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार यह अभियान गांव-गांव में महिलाओं को जागरूक कर रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा सम्मानित भी किया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
इस अवसर पर जीएम डीआईसी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, सभी संकुल स्तरीय संघों से दो-दो लीडर दीदी, सभी दीदी अधिकार केंद्र समन्वयक, सभी सक्षमा दीदी, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, जिला प्रबंधक सहित जीविका के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जीविका कैमूर द्वारा नई चेतना अभियान 4.0 की कार्यशाला आयोजित, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और लैंगिक समानता पर दिया गया जोर

































