पूर्णिया में JDU के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने की जनसभा, NDA प्रत्याशी नितेश सिंह को जिताने की अपील

  • उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंच साझा करते हुए कहा — “बिहार में नीतीश, कस्बा में नितेश को जिताइए”

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया/पटना
जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने सोमवार को पूर्णिया जिले के कस्बा विधानसभा क्षेत्र के श्रीनगर गांव में आयोजित एनडीए की जनसभा में भाग लिया। इस अवसर पर वे बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंच साझा कर रहे थे। सभा में उन्होंने एनडीए प्रत्याशी नितेश कुमार सिंह के समर्थन में जनता से अपील की कि वे उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं।
मनीष वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “बिहार में नीतीश और कस्बा में नितेश को जिताइए, ताकि विकास की यह रफ़्तार आगे बढ़ती रहे।” उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि 2012 में जब वे पूर्णिया के जिलाधिकारी थे, तब जिले के विकास को नई दिशा देने का कार्य शुरू किया गया था।
“पूर्णिया में 6 लेन सड़क और मेडिकल कॉलेज निर्माण का सपना तब साकार हुआ”
मनीष वर्मा ने बताया कि बतौर डीएम पूर्णिया में उन्होंने कई ऐतिहासिक विकास कार्यों की नींव रखी थी। उन्होंने कहा, “पूर्णिया में पहली बार 6 लेन की सड़क का निर्माण हुआ। इंजीनियरों ने चार लेन का प्रस्ताव दिया था, लेकिन हमने कहा — नहीं, यहां 8 लेन तक की संभावना है। उसी दृष्टि से योजना बनी और 6 लेन की सड़क बनाई गई। गुलाबबाग मंडी का रिनोवेशन और मेडिकल कॉलेज निर्माण भी उसी दौर में हुआ।”
उन्होंने यह भी कहा कि उस समय नितेश कुमार सिंह (वर्तमान एनडीए प्रत्याशी) ने बतौर नागरिक इन परियोजनाओं में सहयोग और सुझाव दिए थे। “नितेश जी विकास को समझते हैं, और ऐसे व्यक्ति को विधान सभा में पहुंचना चाहिए जो जनहित की नब्ज़ पहचानता हो,” वर्मा ने कहा।
“20 साल में नीतीश कुमार ने बिहार की तस्वीर बदल दी”
जनसभा में मनीष वर्मा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 20 वर्षों की विकास यात्रा की सराहना करते हुए कहा,
“दो दशक पहले का बिहार और आज का बिहार—दोनों में ज़मीन-आसमान का फर्क है। जहां कभी गोलियों की गूंज होती थी, आज विकास की बात होती है। लोग घरों में बंद रहते थे, अब आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह बदलाव नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि अब पूरे देश में बिहारियों का सम्मान बढ़ा है। “1992 में जब मैं आईआईटी दिल्ली में पढ़ता था, तब बिहारी कहलाना एक तंज़ माना जाता था। लेकिन आज बिहार का नाम गर्व से लिया जाता है,” उन्होंने कहा।
“अगले पांच साल में एक करोड़ रोजगार देने का संकल्प”
मनीष वर्मा ने बताया कि नीतीश सरकार ने अब तक लाखों लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं और पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब औद्योगिक क्रांति का संकल्प लिया है। आने वाले पांच वर्षों में बिहार में एक करोड़ नौकरियां और रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जरूरी है कि कस्बा से नितेश कुमार सिंह को जिताकर भेजा जाए, ताकि पटना में नीतीश कुमार की सरकार मजबूत बन सके।”
“बिहार का गौरव फिर स्थापित हो रहा है”
इतिहास का ज़िक्र करते हुए वर्मा ने कहा कि “प्राचीन काल में बिहार की गाथा चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक के कारण दुनिया में गूंजती थी। आज आधुनिक बिहार में नीतीश कुमार उसी गौरव को पुनः स्थापित कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि सड़कों का जाल बिछाने से लेकर कानून व्यवस्था, बिजली, शिक्षा और रोज़गार—हर क्षेत्र में बिहार नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है।
“नीतीश जी का विज़न है कि राज्य के किसी भी हिस्से से पटना तक की दूरी अब सिर्फ साढ़े तीन घंटे में तय हो सके। इस पर काम तेजी से चल रहा है,” उन्होंने बताया।
“विकास की निरंतरता के लिए NDA सरकार जरूरी”
जनसभा के अंत में मनीष वर्मा ने लोगों से अपील की कि वे जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास और सुशासन के नाम पर मतदान करें।
उन्होंने कहा, “कस्बा से नितेश कुमार सिंह को जिताइए ताकि पटना में नीतीश कुमार की सरकार बने और बिहार आगे बढ़े।”