भागलपुर विधानसभा में निर्दलीय प्रत्याशी चंद्र किशोर शाह का जनसंपर्क अभियान हुआ तेज, मोहदीनगर से लेकर मिरजान हाट रोड तक घर-घर पहुंचकर मांगा समर्थन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर,
भागलपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी चंद्र किशोर शाह ने आज अपने जनसंपर्क अभियान को नई गति दी। उन्होंने शहर के कई वार्डों और मोहल्लों में जाकर लोगों से संवाद किया और अपने पक्ष में वोट देने की अपील की।
आज के दौरे में चंद्र किशोर शाह ने वार्ड संख्या 43 के मोहदीनगर मोहल्ला, सकरुल्लाचक (वार्ड 50), कुतुबगंज, हरिजन टोला, पासी टोला (वार्ड 51) और मोहदीनगर मिरजान हाट रोड जैसे इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात करते हुए कहा कि भागलपुर की राजनीति में अब परिवर्तन का समय आ गया है।


उन्होंने कहा — “भागलपुर की जनता वर्षों से उपेक्षा झेल रही है। यहां की मूल समस्याएं—सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और रोजगार—अब भी जस की तस हैं। मैं राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर जनता की आवाज़ को विधानसभा तक ले जाने आया हूँ।”
जनसंपर्क के दौरान मोहल्लों में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने चंद्र किशोर शाह का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने उन्हें अपना समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया।


शाह ने कहा कि वे किसी दल विशेष के नहीं, बल्कि भागलपुर की जनता के उम्मीदवार हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जात-पात और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस बार ईमानदार और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवार को समर्थन दें।
स्थानीय मतदाताओं का कहना है कि चंद्र किशोर शाह ज़मीनी नेता हैं, जो लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय हैं। लोगों को उम्मीद है कि अगर उन्हें मौका मिला, तो वे भागलपुर के विकास की नई दिशा तय करेंगे।
अंत में चंद्र किशोर शाह ने कहा:“यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का है। भागलपुर को नया सोच और नई दिशा देने का समय अब आ गया है।”