न्यूज स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
शादीपुर बड़ी दुर्गा महारानी शुक्रवार की दोपहर मंदिर प्रांगण से विसर्जन शोभायात्रा के लिए निकलीं। 32 कहारों के कंधों पर सवार मां की प्रतिमा के दर्शन को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे शहर में भक्तिमय माहौल रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और भक्ति गीतों से माता की विदाई की।
मां की शोभायात्रा के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा मार्ग जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन के लिए पंक्तिबद्ध होकर इंतजार किया और यात्रा के दौरान माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। शहरवासियों में मां की अंतिम विदाई को लेकर गहरी आस्था और भावनाएं झलकती रहीं।
गौरतलब है कि गुरुवार को लगातार हो रही बारिश के कारण विसर्जन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। समिति ने मौसम को देखते हुए शुक्रवार को शोभायात्रा निकालने और शनिवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सोझी गंगा घाट पर विसर्जन करने का निर्णय लिया। इस ऐतिहासिक अवसर को देखने के लिए शहरवासियों में खासा उत्साह है।
इधर बड़ी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जगह-जगह पर प्रतिमा विसर्जन मार्ग में आकर्षक तरीके से रंगोली बनाया गया है और रंग-बिरंगे गुब्बारे से सजाया गया है जबकि प्रतिमा दर्शन करने को लेकर सड़क किनारे श्रद्धालुओं की काफी संख्या में भीड़ है दोपहर के 2 से ही श्रद्धालु सड़क पर उतरने लगे थे। जबकि मंदिर से प्रतिमा लगभग 2:00 बजे बाहर आ चुकी थी और अभी लगभग 2 घंटे विलंब से प्रतिमा चल रही है।
इधर प्रतिमा विसर्जन मार्ग में सुरक्षा को लेकर केंद्रीय पुलिस जवान के अलावा जिला पुलिस जवान को भी लगाया गया है जबकि चप्पा चप्पा पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। बता दें की संभावना जताया जा रहा है कि डेढ़ किलोमीटर के शोभा यात्रा में 20 घंटे से अधिक लग सकती है क्योंकि प्रतिमा विसर्जन मार्ग में दो दर्जन से अधिक जगहों पर मां दुर्गा की भव्य आरती के साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाता है।

































