न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के दो दलों के बीच दिलचस्प ‘फ्रेंडली मुकाबला’ देखने को मिल रहा है। राजद से बृज किशोर बिंद और वीआईपी पार्टी से बाल गोबिंद बिंद दोनों ही खुद को महागठबंधन का अधिकृत प्रत्याशी बता रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को वीआईपी पार्टी की ओर से मुंडेश्वरी धाम परिसर में एक जनसभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं ने बाल गोबिंद बिंद को महागठबंधन का असली प्रत्याशी बताया। सभा में कांग्रेस, राजद और महागठबंधन के अन्य घटक दलों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भभुआ के पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह यादव, अशोक उपाध्याय समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे। मंच से बोलते हुए रामचंद्र सिंह यादव ने कहा कि “बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह अपने भाई अजीत सिंह को रामगढ़ से जिताने के लिए चैनपुर में राजद प्रत्याशी को मैदान में उतारे हैं, जो पहले भाजपा से जुड़े थे। हम ऐसे प्रत्याशी को महागठबंधन का उम्मीदवार नहीं मानते। आज से महागठबंधन के वास्तविक प्रत्याशी बाल गोबिंद बिंद हैं और 7 नवंबर को इसका नतीजा साफ हो जाएगा।”
वहीं, वीआईपी प्रत्याशी बाल गोबिंद बिंद ने कहा, “हम लंबे समय से वीआईपी पार्टी से जुड़े रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी ने खुद हमें सिंबल देकर प्रत्याशी बनाया है। राजद के उम्मीदवार से हमारा कोई संबंध नहीं है। हम जनता के बीच अपने कार्य और प्रतिबद्धता के बल पर चुनाव लड़ रहे हैं और चैनपुर से जीत हमारी होगी।”
































