- मनरेगा से गांवों के लिए नई योजना, ग्रामीणों की आर्थिक मजबूती और रोजगार सुनिश्चित करने की पहल
न्यूज स्कैन ब्यूरो,कैमूर
कैमूर में भाजपा के एमएलसी और पूर्व श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की कि राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से ‘जी राम जी योजना’ के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
पूर्व मंत्री ने बताया कि यह योजना मनरेगा योजना का आधुनिक संस्करण है, जिसमें मजदूरों को पहले की तरह 100 दिन की बजाय 125 दिन की काम की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने कहा, “यदि मजदूरों को 125 दिन काम नहीं मिलता है, तो सरकार उनके खाते में शेष मजदूरी जमा करेगी। इससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।”
संतोष सिंह ने यह भी कहा कि इस योजना का नाम भगवान राम के अनुकरणीय चरित्र, त्याग और समर्पण को देखते हुए रखा गया है। उन्होंने कहा, “विपक्ष इस योजना का विरोध कर रहा है, लेकिन यह योजना भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। जब गांव मजबूत होंगे, तभी देश मजबूत बनेगा।”
पूर्व मंत्री ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य भी दोहराया और कहा कि ‘जी राम जी योजना’ ग्रामीणों को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करेगी और विकसित भारत के मिशन के लिए आधारभूत ढांचा तैयार करेगी।
इस अवसर पर एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे, भभुआ की पूर्व विधायक रिंकी रानी पांडे, चंद्रभान सिंह पटेल, रघुवंश राम, संतोष खरवार, जदयू के अजय सिंह, अरविंद राय, विशंभर तिवारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
































