मां वन देवी दुर्गा मंदिर न्यास समिति की बैठक में मंदिर के विकास पर विचार विमर्श

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर प्रखंड के हरदी में अवस्थित मां वन दुर्गा मंदिर के विकास संबंधी कार्यों एवं आगे की संरचनात्मक गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने हेतु मां वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति की बैठक अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में की गई। बैठक में मंदिर के विकास के संबंध में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ-साथ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं समिति के सभी सदस्य गण उपस्थित थे। मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष के द्वारा सर्वप्रथम मंदिर के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया तथा सभी सदस्यों को इसकी जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि माँ वन दुर्गा मंदिर के प्रति लोगों की काफी आस्था के कारण यहां दान के रूप में दानपेटी, बैंक, क्यूआर कोड इत्यादि के माध्यम से मंदिर के विकास हेतु राशि दी जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि मंदिर के बैंक अकाउंट एवं क्यूआर कोड की जानकारी संबंधी सूचना मंदिर प्रांगण में विभिन्न जगहों पर लगाए जाने की आवश्यकता है ताकि लोग आसानी से मंदिर के अकाउंट में सीधे दान दे सके। मंदिर में कराए जा रहे हैं धार्मिक अनुष्ठानों में भी श्रद्धालुओं के द्वारा मंदिर को राशि दी जा रही है जिसको नियमित समय पर बैंक अकाउंट में जमा कराया जाता है साथ ही सदस्यों की उपस्थिति में दान पेटी खोलकर प्राप्त राशि का वीडियो ग्राफी करते हुए नियमित समय पर राशि बैंक में जमा की जाती है। मंदिर न्यास समिति के सदस्यों के द्वारा बताया गया कि मंदिर के विकास के संबंध में बहुत सारे दाताओं के द्वारा विकास संबंधी कार्यों के लिए सामग्री एवं सहयोग राशि दिए जाने हेतु इच्छा जाहिर की जा रही है। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि मंदिर के विकास के संबंध में दिए जा रहे दान को सहर्ष स्वीकार किए जाने की आवश्यकता है ताकि मंदिर के विकास में भक्तजनों की भागीदारी हो सके। मंदिर न्यास समिति के सदस्यों के द्वारा बताया गया कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरा के साथ-साथ दानपेटी व अन्य कार्य किया जाना है। सभी सदस्यों के सहमति से सदस्यों द्वारा सुझाए गए कार्यों को अनुमोदित किया गया तथा मंदिर के विकास के कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का अनुरोध किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष हृदय नारायण एवं दयानंद भारती, सचिव अमन कुमार, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव सहित सभी सदस्य उपस्थित थे।