न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/राघोपुर
जिले के सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र के एनएच 27 स्थित जेपी चौक पर शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली के नेतृत्व में सुबह से ही दो जेसीबी मशीनों और दर्जनों सफाईकर्मियों ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान राघोपुर सीओ रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
अभियान के तहत मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए दुकानों के सामने बने अवैध शेड, ठेले-खोमचे और सड़क किनारे के निर्माण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया। कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया। उनका कहना था कि आम दुकानदारों के आगे जेसीबी से गड्ढे खोदकर निर्माण तोड़े गए, जबकि कुछ ‘खास लोगों’ के अतिक्रमण को न केवल छोड़ दिया गया, बल्कि उनके दुकान के सामने बने गड्ढों को समतल भी कर दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्ष होकर कार्रवाई करे तो बाजार में जाम की समस्या में काफी कमी आ सकती है।
, नगर प्रशासन का दावा है कि यह एक नियमित अभियान है और चरणबद्ध तरीके से पूरे बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा। अभियान दोपहर 1 बजे तक जारी रहा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में नगर पंचायत सिमराही की ईओ वीणा वैशाली ने बताया कि यह अभियान अभी जारी रहेगा।
वही अतिक्रमण दल के जाते ही पुनः सड़क किनारे अतिक्रमणकारी द्वारा पुनः फुटकर दुकान लगा कर अतिक्रमण कर लिया।

































