न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
ठंड के मौसम में असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जगदीशपुर अंचल क्षेत्र में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जिससे उन्हें कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम में विकास कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), अंकिता, SDC (राजस्व), चंदन कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी, अंचलाधिकारी, जगदीशपुर तथा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वयं जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है। ठंड के इस मौसम में इस तरह के कार्यक्रम असहाय लोगों के लिए काफी सहायक सिद्ध होते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे एक सराहनीय कदम बताया। कंबल वितरण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


































