न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, अररिया
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सोमवार को अररिया सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान बिहार सरकार के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर मात्र 25 दिनों में मतदाता सूची अपडेट करने के फैसले को लोकतंत्र पर हमला बताया।
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को “गोदी आयोग” करार देते हुए आरोप लगाया कि यह कवायद सत्तारूढ़ दल के इशारे पर की गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में 11 प्रकार के दस्तावेजों की मांग की गई थी, जो आम गरीब जनता के पास नहीं हैं। इससे लाखों गरीबों के नाम मतदाता सूची से गायब होने की आशंका है।
महागठबंधन नहीं छोड़ेगा मुद्दा, किया था बिहार बंद
तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन इस मुद्दे पर चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि इसी फैसले के खिलाफ बिहार बंद का आयोजन किया गया था और यह लड़ाई गरीबों के अधिकार की है। पहले वोटर लिस्ट से नाम काटो, फिर राशन और पेंशन से वंचित करो, और अंततः लोकतंत्र ही खत्म कर दो — यही है सरकार की मंशा।
कानून व्यवस्था पर हमला, कहा – अपराधियों की सरकार
बिहार में बढ़ते अपराधों को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि केवल एक सप्ताह में सौ से अधिक हत्याएं हुई हैं। अब तो एम्बुलेंस में रेप, घरों और अस्पतालों में घुसकर हत्या हो रही है। अपराधी दिन-दहाड़े अपराध कर ‘विजय’ और ‘सम्राट’ बन चुके हैं।
तेजस्वी ने ‘डबल इंजन की सरकार’ पर कटाक्ष किया
तेजस्वी ने कहा कि एक इंजन अपराध में लगा है, दूसरा इंजन भ्रष्टाचार में। उन्होंने CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए 71 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का मुद्दा भी उठाया।
सम्राट चौधरी की डिग्री पर सवाल
तेजस्वी ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट कभी उम्र घटाते हैं, कभी बढ़ाते हैं, और बिना मैट्रिक पास किए पीएचडी कर लेते हैं। पांच साल में उम्र सिर्फ दो साल बढ़ी है, ये साबित करता है कि डिग्री भी फर्जी, प्रमाण पत्र भी फर्जी।
तेजस्वी ने चुटकी लेते हुए कहा कि आजकल ‘डॉगी बाबू’ तक का प्रमाण पत्र चढ़ावा देकर बन रहा है। ये कोई नई बात नहीं है, इससे पहले सनी लियोनी और खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी फर्जी सर्टिफिकेट बन चुका है।
मुख्य बिंदु
चुनाव आयोग को गोदी आयोग कहा
मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया पर उठाए सवाल
डबल इंजन सरकार पर लगाया अपराध और भ्रष्टाचार का आरोप
CAG रिपोर्ट का हवाला देकर घोटाले का मुद्दा उठाया
सम्राट चौधरी की उम्र व डिग्री को बताया फर्जी

































