न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई, जिसके सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई और एहतियातन आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई। परिसर के भीतर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मेटल डिटेक्टर से आने-जाने वालों की जांच की जा रही है, वहीं बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल न्यायिक कार्य प्रभावित रहा और परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं व्यवहार न्यायालय परिसर पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और हर संभावित खतरे से निपटने की तैयारी रखने को कहा। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जांच के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। ई-मेल की तकनीकी जांच कर भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश छिपी है। प्रशासन की ओर से फिलहाल कोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। हालांकि किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
































