बांका जिले में रविवार को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। जिले के दस परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र पर एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया, जिससे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर मौजूद दंडाधिकारी को सूचना मिली थी कि एक युवक किसी और के नाम पर परीक्षा दे रहा है। सूचना के आधार पर जब जांच की गई तो फर्जी परीक्षार्थी की पहचान पालीगंज, पटना निवासी प्रक्षित कुमार के रूप में हुई। वह गया जिले के वास्तविक परीक्षार्थी गौतम कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था।
जांच के बाद दंडाधिकारी ने आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने फर्जी परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी, फिर भी इस तरह की घटना सामने आना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बांका SDPO विपिन विहारी ने बताया की फर्जी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, संगठित गिरोह का पता लगाया जा रहा है।
































