न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
मजदूर विरोधी चार लेबर कोड कानूनों के खिलाफ 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल की तैयारी को तेज करते हुए सोमवार को ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (ऐक्टू) की ओर से स्थानीय सुरखीकल यूनियन कार्यालय में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में असंगठित क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत समाजवादी चिंतक एवं शहीद जगदेव प्रसाद की 105वीं जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। वक्ताओं ने शहीद जगदेव प्रसाद की क्रांतिकारी विरासत को याद करते हुए उसे मौजूदा मजदूर आंदोलन से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते हुए ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त ने चारों लेबर कोड को मजदूरों से उनके अधिकार छीनने वाला कानून बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून मजदूरों के कानूनी संरक्षण को समाप्त कर देता है। इससे न तो काम की गारंटी मिलती है और न ही मजदूरी की। स्थायी काम के लिए अस्थायी नियुक्ति को वैध बनाकर स्थायी रोजगार के अधिकार पर हमला किया गया है।
उन्होंने कहा कि लेबर कोड महिलाओं को रात में काम करने के लिए मजबूर करता है, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा है। काम के निर्धारित आठ घंटे को बढ़ाकर 16 घंटे तक किए जाने का प्रावधान शोषण को कानूनी जामा पहनाने जैसा है। जिला स्तर के श्रम न्यायालयों को समाप्त कर न्याय को मजदूरों की पहुंच से और दूर कर दिया गया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार और उसका समर्थक मीडिया इसे मजदूर हितैषी कानून बताकर भ्रम फैलाने में लगा है।
मुकेश मुक्त ने कहा कि यह वक्त सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का सड़कों पर उतरकर जवाब देने का है। 12 फरवरी की देशव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
संवाद में शामिल विभिन्न यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में लेबर कोड का विरोध करते हुए 12 फरवरी को भागलपुर की सड़कों पर उतरने का ऐलान किया। मजदूर बहुल इलाकों, चौक-चौराहों, गांवों और मोहल्लों में हड़ताल के समर्थन में व्यापक प्रचार-प्रसार चलाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मजदूर हड़ताल में भाग लेंगे।
कार्यकर्ता संवाद को ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त के अलावा जिला उपाध्यक्ष मनोज सहाय, भाकपा माले के नगर सचिव विष्णु कुमार मंडल, असंगठित कामगार महासंघ के राज्य सचिव सुभाष कुमार एवं मो. मुमताज, बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन के संयुक्त जिला सचिव अमर कुमार एवं अमित गुप्ता ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन से लूटन तांती, मो. रुस्तम, प्रमोद दास, गीता देवी, चांदनी देवी, मो. कुतुब, शंकर तांती, सिकंदर मंडल, सुनील पंडित, असंगठित कामगार महासंघ से पूनम देवी, करण कुमार, अब्दुल बारीक, कविता देवी, सत्यम यादव, चंदन मंडल, छाटो देवी, रानू देवी, पार्वती देवी, निर्मला देवी, दीपक कुमार, घरेलू कामगार यूनियन से मीना देवी, वीणा देवी, संजू देवी, सुमा देवी, विद्यालय रसोइया रंजुला देवी व ममता देवी, तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शांति देवी, सीता देवी व संजू देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

































