सीमांचल में औद्योगिक विकास की रफ्तार को बिजली की ट्रिपिंग और अनियमित आपूर्ति ने थाम रखा है। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) के सीमांचल रीजनल हेड रूपेश कुमार सिंह ने आज पूर्णिया में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को मांग पत्र सौंपकर 11 KV डेडिकेटेड फीडर, तकनीकी स्टाफ की बहाली और नए 220 KV ग्रिड सब-स्टेशन की स्थापना की जोरदार मांग उठाई है। निर्बाध बिजली मिलने से ही क्षेत्र में नए उद्योग लगेंगे, रोजगार सृजित होगा और पलायन पर रोक लग सकेगी।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
सीमांचल क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने और युवाओं के पलायन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग अब और तेज हो गई है। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) के सीमांचल क्षेत्र के रीजनल हेड रूपेश कुमार सिंह ने आज पूर्णिया में बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से सीमांचल के उद्यमियों को हो रही व्यावहारिक व तकनीकी बिजली समस्याओं से अवगत कराते हुए ऊर्जा विभाग के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं।
ऊर्जा मंत्री को सौंपे गए पत्र में रूपेश कुमार सिंह ने कहा कि सीमांचल बिहार का एक अत्यंत पिछड़ा और अपेक्षाकृत कम संसाधनों वाला क्षेत्र होने के बावजूद यहां के उद्यमियों के निरंतर प्रयासों से औद्योगिक विकास की अच्छी संभावनाएं उभर रही हैं। क्षेत्र में छोटे और मध्यम उद्योगों की स्थापना से न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। हालांकि, दुर्भाग्यवश इस क्षेत्र में बिजली की बार-बार ट्रिपिंग और अनियमित विद्युत आपूर्ति औद्योगिक विकास की राह में एक बड़ी बाधा बनी हुई है।
BIA द्वारा रखी गई 4 प्रमुख मांगें :-
11 KV डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल फीडर: सीमांचल क्षेत्र में जहां वर्तमान और भविष्य में औद्योगिक विकास की अधिक संभावनाएं हैं, ऐसे संभावित औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान बियाडा (BIADA), उद्योग विभाग और बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) के सुझावों के आधार पर की जाए। पत्र में मांग की गई है कि चिह्नित क्षेत्रों में उद्योगों के लिए अलग से 11 KV डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल फीडर की व्यवस्था की जाए, ताकि औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके।
तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति : पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में विद्युत विभाग में लाइनमैन और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी महसूस की जा रही है। विशेषकर बिजली का लोड बढ़ने के समय बार-बार ट्रिपिंग, फॉल्ट और अन्य तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, लेकिन पर्याप्त मानव संसाधन के अभाव में इन समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। ऐसे में आवश्यकतानुसार लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति कर उपलब्ध स्टाफ की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
नियमित समन्वय बैठक: उद्यमियों की वास्तविक समस्याओं और सुझावों से विभाग को लगातार अवगत कराने के लिए बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (BIA) के साथ नियमित बैठक और संवाद की व्यवस्था करने की मांग की गई है। इससे नीतिगत और व्यावहारिक स्तर पर समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
पूर्णिया में नया 220 KV ग्रिड सब-स्टेशन: रूपेश कुमार सिंह ने विशेष रूप से आग्रह किया है कि वर्तमान में पूर्णिया में स्थापित ग्रिड सब-स्टेशन काफी पुराना हो चुका है और समय व बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप इसकी क्षमता का विस्तार नहीं हो पा रहा है। पूर्णिया और आसपास का सीमांचल क्षेत्र एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां आने वाले वर्षों में फूड प्रोसेसिंग, कृषि आधारित उद्योगों और लघु व मध्यम उद्योगों के बड़े पैमाने पर विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में केवल पुराने विद्युत ढांचे पर निर्भर रहकर भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा करना चुनौतीपूर्ण होगा। इसलिए भविष्य की औद्योगिक और शहरी विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पूर्णिया में प्राथमिकता के आधार पर एक नए 220 KV ग्रिड सब-स्टेशन की स्थापना की योजना बनाने और उसे स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है, जो पूरे सीमांचल के औद्योगिक आधार को मजबूत करेगा।
पलायन रोकने में मददगार होगी निर्बाध बिजली
पत्र में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि पलायन और बेरोजगारी सीमांचल क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल हैं। यदि क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और विशेषकर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाती है, तो स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हो सकते हैं, जिससे युवाओं का पलायन रोकने और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। रूपेश कुमार सिंह ने यह भी कहा कि सीमांचल के उद्यमी बिहार में बेहतर औद्योगिक वातावरण बनाने और सरकार के औद्योगिक विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने में पूरा सहयोग देने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से सभी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देने का आग्रह किया है, ताकि सीमांचल सहित पूरे बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।
































