लोजपा विधायक नीतेश कुमार सिंह ने नई दिल्ली में संबलपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर कसबा और पूरे सीमांचल में उच्च शिक्षा एवं स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने पर अहम चर्चा की।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली/पूर्णिया
बिहार के सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में कसबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीतेश कुमार सिंह ने एक अहम पहल की है। उन्होंने नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मौजूदा संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस आत्मीय भेंट के दौरान कसबा विधानसभा और संपूर्ण सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा, उच्च शिक्षा और कौशल विकास के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
युवाओं का पलायन रोकना है मुख्य लक्ष्य
विधायक नीतेश कुमार सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को सीमांचल की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति और युवाओं की जरूरतों से अवगत कराया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सीमांचल के युवाओं ने अपनी मेहनत और काबलियत के दम पर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा और कौशल विकास के पर्याप्त संसाधन न होने के कारण युवाओं को मजबूरी में पलायन करना पड़ता है। विधायक ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य सीमांचल को एक ऐसे मजबूत ‘शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र’ के रूप में विकसित करना है, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें और उन्हें बाहर न जाना पड़े।
धर्मेंद्र प्रधान का दृष्टिकोण रहा प्रेरणादायी
मुलाकात के बाद विधायक नीतेश कुमार सिंह ने इस बातचीत को बेहद सार्थक बताया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में पूर्व मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के व्यापक दृष्टिकोण, अनुभव और उनकी सरलता की जमकर सराहना की। विधायक ने कहा कि शिक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर श्री प्रधान का मार्गदर्शन हमेशा से प्रेरणादायी रहा है।
शैक्षणिक विकास के लिए प्रयास रहेंगे जारी
विधायक नीतेश कुमार सिंह ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया है कि सीमांचल की प्रतिभाओं को बेहतर मंच दिलाने और कसबा सहित पूरे इलाके के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस मुलाकात को सीमांचल में भविष्य की शैक्षणिक संभावनाओं और युवाओं के उत्थान के लिहाज से काफी सकारात्मक माना जा रहा है।
































