बिहार के नवनियुक्त ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने पदभार ग्रहण करने के बाद आज सोमवार को ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और विभाग की भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार को आत्मनिर्भर और सुदृढ़ बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए पूरी ताकत के साथ काम करना है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया :-
निर्बाध बिजली आपूर्ति : राज्य के शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में बिना किसी कटौती के गुणवत्तापूर्ण बिजली सुनिश्चित करना।
शिकायत निवारण तंत्र: उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए टोल-फ्री नंबर और ऑनलाइन पोर्टल को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना।
पारदर्शिता और जवाबदेही : विभागीय निविदाओं और परियोजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता बरतना और भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस।
समय सीमा के भीतर लक्ष्य : निर्माणाधीन सब-स्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइनों के कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करना।
ऊर्जा संरक्षण : राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियों पर विचार-विमर्श।
मंत्री शैलेश कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास की दौड़ में ऊर्जा विभाग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सेवा देना केवल कर्तव्य नहीं बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है। ऊर्जा विभाग अब नई कार्यसंस्कृति के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर आगे बढ़ेगा। अंत में उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने और जमीनी स्तर पर फीडबैक लेने का निर्देश दिया ताकि बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान को कम किया जा सके।
































