लायंस प्राइम ने सीएमएस स्कूल आदमपुर चौक पर 16 राज्यों से आए युवाओं का किया अभिनंदन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को सशक्त संदेश देते हुए नेशनल इंटीग्रेशन कैंप “इंटीग्रेटिंग इंडिया” के अंतर्गत देश के 16 राज्यों से आए युवक-युवतियों का लायंस प्राइम द्वारा सेमस (CMS) स्कूल, आदमपुर चौक पर भव्य अभिनंदन किया गया। यह आयोजन भागलपुर में कई वर्षों बाद राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक समागम के रूप में देखा जा रहा है।
दिनांक 4 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय एकता शिविर में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी अपनी-अपनी सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, वेशभूषा और राज्य की विशेषताओं से लोगों को रूबरू करा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मारवाड़ी कॉलेज से आदमपुर चौक तक एक रंगारंग सांस्कृतिक झांकी निकाली गई, जिसने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
झांकी के आदमपुर चौक पहुंचने पर लायंस प्राइम के सदस्यों ने सभी राज्यों से आए युवाओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर शीतल पेय एवं स्नैक्स की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था के संयोजक अभिषेक डोकानियां रहे।
इस अवसर पर चार्टर अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करते युवाओं का एक मंच पर एकत्र होना अपने आप में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल है। बाबा बासुकीनाथ और भगवान वासुपूज्य की पंचकल्याणक स्थली की धरती पर इन युवाओं का आगमन राष्ट्रीय एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “हम सभी एक भारतीय हैं, हम सब एक हैं”—यही इस आयोजन का मूल संदेश है।
वहीं अध्यक्ष नितिन सिंघानिया ने कहा “सारे जहाँ से अच्छा यह गुलसितां हमारा,” और इस आयोजन ने भारत की विविधता में एकता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष आयुष छापोलिका, सचिव अभिषेक सफर, कोषाध्यक्ष रेवेन सर्राफ, रमंजय साह, सुधांशु शेखर सहित लायंस प्राइम के कई सदस्य उपस्थित रहे।
लायंस प्राइम द्वारा इस राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम को भागलपुर मारवाड़ी कॉलेज महिला विंग में आयोजित कराने हेतु प्रो. डॉ. राहुल कुमार (प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर) एवं कैंप डायरेक्टर विनय कुमार (रीजनल डायरेक्टर, बिहार एवं झारखंड) के प्रति हृदय से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया गया।