तालाब में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदुरना में एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान ग्राम मदुरना निवासी स्वर्गीय राधेश्याम सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार खेती-बाड़ी का कार्य करते थे। शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे वे खेत में काम करने के बाद घर लौटे थे और घर के सामने स्थित एक छोटे तालाब में हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान पैर फिसल जाने से वे तालाब में गिर पड़े और डूब गए।
घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। लगभग एक घंटे बाद जब गांव के कुछ बच्चे उधर घूमने पहुंचे, तो उन्होंने तालाब में एक शव को तैरते देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकाला गया। तब उसकी पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई।
घटना की सूचना तत्काल चैनपुर थाना और अंचल कार्यालय को दी गई। पुलिस द्वारा अभिषेक कुमार को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्राम पंचायत मदुरना के पूर्व मुखिया प्रभु नारायण सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिषेक कुमार एक मेहनती किसान थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। चार वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी और उन्हें एक से दो वर्ष का एक छोटा पुत्र भी है। अचानक हुए इस हादसे से पत्नी, परिजनों और पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि तालाब में डूबने से युवक की मौत की पुष्टि सीएचसी में चिकित्सीय जांच के दौरान हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है।
वहीं चैनपुर अंचलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।