8 फरवरी को भागलपुर में मनाया जाएगा श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 138वां जन्म महोत्सव

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
युगपुरुषोत्तम, परम प्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 138वां जन्म महोत्सव आगामी 8 फरवरी को भागलपुर स्थित तिलकामांझी सैण्डिस कंपाउंड सत्संग स्थल में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन परम पूज्यपाद श्री श्री आचार्य देव के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
उत्सव समिति के अनुसार, इस महोत्सव में बड़ी संख्या में सत्संगी, श्रद्धालु और धर्मप्रेमी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के दिव्य जीवन दर्शन, कर्मयोग और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

भक्ति, साधना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा पूरा दिन

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 4.15 बजे वेद मंगलिक से होगी। इसके पश्चात उषा कीर्तन, सामूहिक प्रार्थना, धर्मग्रंथ पाठ, अल्पाहार, शोभायात्रा और संगीतमय भक्ति प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। दोपहर में धर्मसभा, भंडारा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, वहीं मातृ सम्मेलन के बाद संध्या प्रार्थना एवं समापन किया जाएगा।

श्री ठाकुर जी के विचार होंगे केंद्र में

आयोजन के दौरान श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के जीवन दर्शन पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा।
उनके विचार “सबको बचाना, अपने बचना, उसी को धर्म समझना” और “धर्म में सभी बचते-बढ़ते हैं, संप्रदाय को धर्म नहीं कहते” को व्यवहारिक जीवन में उतारने का संदेश दिया जाएगा।

उत्सव समिति ने की सहभागिता की अपील

उत्सव समिति, भागलपुर ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस पावन अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की है। समिति पदाधिकारियों के अनुसार यह महोत्सव सद्भाव, सेवा और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। आयोजन स्थल तिलकामांझी सैण्डिस कंपाउंड सत्संग स्थल है, जो भागलपुर रेलवे स्टेशन से सुलभ दूरी पर स्थित है। इस आयोजन में उत्सव समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार लाल, सचिव उज्ज्वल कुमार मिश्र, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार साह, सहायक कोषाध्यक्ष नंदकुमार पोद्दार, अमरेंद्र कुमार सिंह, सुब्रत मौलिक समेत कई लोग जुटे हैं।