एसएसबी ने शहीद दिवस का किया आयोजन, राष्ट्रभक्ति एवं अनुशासन के वातावरण में संपन्न

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

30 जनवरी को 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, वाहिनी मुख्यालय बीरपुर सहित इसके अंतर्गत स्थित समस्त सीमा चौकियों पर शहीद दिवस अत्यंत गरिमा, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता एवं अखंडता की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर तथा राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले समस्त वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित कार्मिकों ने शहीदों के त्याग, समर्पण एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
वाहिनी मुख्यालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में वाहिनी के समस्त अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री जगदीश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला तथा बल के सभी कार्मिकों से उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए कर्तव्य पथ पर अडिग रहने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त, वाहिनी के अंतर्गत स्थित सभी सीमा चौकियों पर भी शहीद दिवस पूर्ण सम्मान एवं अनुशासन के साथ मनाया गया। सीमा चौकियों पर तैनात जवानों द्वारा भी मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति, एकता एवं कर्तव्यपरायणता की भावना को सुदृढ़ करने वाला रहा।