न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के तहत सीमा चौकियों द्वारा 30 जनवरी को भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा एवं नेपाली शराब जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा सतत एवं सघन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी भीमनगर के जिम्मेदारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 206/7 के समीप नेपाली मुद्रा की संभावित तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी।
प्राप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को नेपाल से भारत की ओर आते हुए रोका गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मोहम्मद सद्दाम हुसैन, निवासी ग्राम दिमान, जिला सप्तरी (नेपाल) बताया।
तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति के पास से कुल 5,12,000/- (पांच लाख बारह हजार) नेपाली मुद्रा बरामद की गई। बरामद राशि के संबंध में पूछताछ किए जाने पर वह कोई भी वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सका। तत्पश्चात बरामद नेपाली मुद्रा को विधिवत रूप से जब्त करते हुए मौके पर आवश्यक जब्ती सूची एवं अन्य कानूनी कागजात तैयार किए गए।
इसी क्रम में सीमा चौकी पिपराही द्वारा पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान कोशी (पलार) क्षेत्र से कुल 252 लीटर नेपाली शराब की भी जब्ती की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति तथा जब्त की गई नेपाली मुद्रा को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु कस्टम कार्यालय, भीमनगर को सुपुर्द किया गया, जबकि जब्त की गई नेपाली शराब को मद्य निषेध विभाग, सिमराही को सुपुर्द किया गया।
संपूर्ण कार्रवाई निरीक्षक सामान्य अजीत कुमार, उप निरीक्षक सामान्य धीरज सिंह एवं अन्य बलकर्मियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
सशस्त्र सीमा बल सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

































