सड़क सुरक्षा माह : सुपौल में वाहन चालकों हेतु निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन

बस स्टैंड एवं समाहरणालय परिसर में हुआ कार्यक्रम, मुफ्त चश्मा वितरण की घोषणा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता को सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को सुपौल जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय के तत्वावधान में यह कार्यक्रम बस स्टैंड सुपौल तथा समाहरणालय परिसर दोनों स्थानों पर आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने भाग लिया।
अनुभवी चिकित्सकों द्वारा किया गया नेत्र परीक्षण कार्यक्रम के दौरान डॉ. जाहिद अख्तर, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं प्रमोद कुमार, नेत्र सहायक, सदर अस्पताल द्वारा वाहन चालकों की आंखों की विस्तृत जांच की गई।
नेत्र परीक्षण के दौरान चालकों की दृष्टि क्षमता, दूर एवं पास देखने की स्थिति, आंखों से संबंधित प्रारंभिक समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
चिकित्सकीय परामर्श पर मिलेगा मुफ्त चश्मा
नेत्र जांच के उपरांत जिन वाहन चालकों को चिकित्सक द्वारा चश्मा लिखित रूप में परामर्शित किया गया है, उनका चश्मा जिला परिवहन कार्यालय द्वारा बनवाकर निःशुल्क वितरित किया जाएगा।यह व्यवस्था विशेष रूप से उन चालकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी जो आर्थिक कारणों से नियमित नेत्र जांच या चश्मा बनवाने में असमर्थ रहते हैं।

चालकों ने सराहा जिला परिवहन कार्यालय का प्रयास
मुफ्त नेत्र जांच शिविर एवं मुफ्त चश्मा वितरण की इस पहल को वाहन चालकों द्वारा काफी सराहा गया।चालकों ने जिला प्रशासन एवं जिला परिवहन कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल उनके स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

कमजोर दृष्टि — दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
विशेषज्ञों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में कमजोर दृष्टि एक महत्वपूर्ण कारण है। समय पर नेत्र जांच नहीं होने के कारण चालक अनजाने में जोखिमपूर्ण स्थिति में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए यह शिविर “स्पष्ट दृष्टि — सुरक्षित यात्रा” की भावना के साथ आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन का संदेश
जिला प्रशासन, सुपौल का मानना है कि जब चालक सुरक्षित होंगे, तभी सड़कें सुरक्षित होंगी।
नेत्र जांच जैसे छोटे प्रयास बड़े स्तर पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी वाहन चालक समय-समय पर अपनी आंखों की जांच कराएं तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।