न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार” के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आम जनों के आवेदनों पर जनसुनवाई की।
इस दौरान कुल 6 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन तथा भूमि विवाद से संबंधित मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आम जनों की शिकायतों की सुनवाई की।
इस अवसर पर आम नागरिकों की शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा उन्हें प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। साथ ही, शिकायतकर्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा भी सभी संबंधित कार्यालयों के समीप उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि “7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार” के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारियों द्वारा नियमित रूप से आम जनों के आवेदनों की सुनवाई की जा रही है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई, लंबित पेंशन व भूमि विवाद सहित छह आवेदनों पर हुई सुनवाई

































