न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विश्व नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज (एनटीडी) दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर परिसर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र से संचालित सामुदायिक रेडियो एफएम ग्रीन सबौर के सहयोग से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सुल्तानपुर भिट्ठी (सबौर) में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 10 फरवरी से शुरू होने वाले सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए राउंड 2026) को लेकर लोगों को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरती कुमारी एवं कृति कुमारी, सामुदायिक रेडियो एफएम ग्रीन सबौर के इंचार्ज ईश्वरचंद्र, रेडियो जॉकी उमा भारती, आउटरीच अधिकारी अजय कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सबौर के प्रखंड अकाउंट मैनेजर बादल प्रसाद सिंह, वेक्टर जनित रोग सुपरवाइजर रूपेश कुमार एवं कुसुम कुमारी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की एएनएम रूपम रानी, आशा फैसिलिटेटर प्रीति आनंद, सभी आशा कार्यकर्ता, सीफार के सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट जय प्रकाश कुमार सहित 50 से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक रेडियो एफएम ग्रीन सबौर के इंचार्ज ईश्वरचंद्र ने कहा कि रेडियो शुरू से ही सबसे विश्वसनीय संचार माध्यम रहा है। उन्होंने बताया कि रेडियो से प्रसारित खबरें और सूचनाएं आम लोगों तक सटीक और भरोसेमंद तरीके से पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि एफएम ग्रीन सबौर के माध्यम से कृषि के साथ-साथ स्वास्थ्य से जुड़ी जागरूकता संबंधी जानकारियां भी नियमित रूप से प्रसारित की जा रही हैं, जिसे एंड्रॉयड मोबाइल पर एफएम ग्रीन सबौर ऐप डाउनलोड कर सुना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि रेडियो की विश्वसनीयता का प्रमाण इस बात से मिलता है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक रेडियो के माध्यम से अपनी बात जनता तक पहुंचाते रहे हैं।
इस अवसर पर वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरती कुमारी ने मलेरिया, फाइलेरिया, राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, एमडीए राउंड 2026 तथा फाइलेरिया मरीजों को मिलने वाली एमएमडीपी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं कृति कुमारी ने डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, कुष्ठ रोग सहित अन्य नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज के लक्षण, बचाव एवं उपचार के विषय में जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कुष्ठ जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इस दिन स्वास्थ्यकर्मी एवं आम लोग कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की शपथ लेते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से अपील की गई कि वे एमडीए कार्यक्रम में दवाओं का सेवन अवश्य करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
विश्व नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एमडीए राउंड 2026 को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

































